NGV PRAKASH NEWS

फतेहपुर में मंगेतर संग घूमने निकली युवती से दुष्कर्म, पुलिस की लापरवाही पर कोतवाल लाइन हाजिर, एक आरोपी पर 25 हजार का इनाम
फतेहपुर, 28 अप्रैल 2026.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां मंगेतर के साथ घूमने निकली एक युवती के साथ दुष्कर्म और मारपीट की घटना हुई। आरोपियों ने न केवल युवती के साथ जबरदस्ती की, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और ऑनलाइन पैसे भी वसूले।
घटना 24 अप्रैल की बताई जा रही है। पीड़िता अपने मंगेतर के साथ खागा बाजार गई थी और वहां से दोनों नहरिया क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान एक युवक वहां आया और अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने कपल को डराकर पास के जंगल में ले जाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया, छेड़छाड़ की और अश्लील वीडियो बनाए। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई और गंभीर उत्पीड़न किया गया। इसके बाद आरोपियों ने धमकी देकर युवती से 2500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाए।
घटना के बाद जब पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंची तो उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़िता का मंगेतर मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। मामले की जानकारी मिलने पर जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही बरतने के आरोप में खागा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

NGV PRAKASH NEWS
