Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

वशिष्ठ महोत्सव में खेल प्रतिभाओं का दम, तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आगाज
बस्ती, 06 मई 2026.
जनपद बस्ती में मंगलवार को तीन दिवसीय वशिष्ठ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका वर्ग की खो-खो, हैंडबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताओं में प्रदेश भर से पहुंचे खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के जोश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल मुकाबलों ने पूरे स्टेडियम का माहौल उत्सवमय बना दिया।
महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने महर्षि वशिष्ठ के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और कहा कि वशिष्ठ महोत्सव जैसे आयोजन जनपद ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात हैं। उन्होंने आयोजक राणा दिनेश प्रताप सिंह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का बड़ा मंच मिलता है।
कार्यक्रम संयोजक राणा दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश के 51 जनपदों से करीब 80 टीमें प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पहुंची हैं। बस्ती जनपद की ओर से हैंडबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी की कुल 35 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की प्रेरणा देती हैं।
उद्घाटन मुकाबलों में बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रावस्ती को 08-01 से हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में गोरखपुर की टीम ने देवरिया को 05-04 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालक वर्ग में जौनपुर और अमरोहा के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसे अंततः टाई घोषित किया गया।
कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में कप्तानगंज की टीम ने बीआरएस एकेडमी गढ़ा गौतम को 20-18 से हराकर जीत हासिल की। वहीं बालिका वर्ग में बस्ती टाइगर की टीम ने कोटवा भरतपुर को 09-07 से हराया। एक अन्य मुकाबले में बीआरएस एकेडमी गढ़ा गौतम की बालिका टीम ने कप्तानगंज को 18-15 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
हैंडबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के पहले मैच में स्टेडियम की टीम ने कड़े मुकाबले में बेगम खैर की टीम को 05-04 से हराकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खिलाड़ियों के तेज खेल और संघर्ष ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। बेगम खैर की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। बीआरएस एकेडमी गढ़ा गौतम की छात्राओं ने दीप योगा, ग्रुप योगासन और रिंग डांस की प्रस्तुति देकर दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। वहीं हाजी मुहम्मद अमीन इंटर कॉलेज हरैया के विद्यार्थियों ने बैंड के साथ मार्च पास्ट कर अनुशासन और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
समारोह में प्रभाकर ओझा, राम सिंह, विवेक श्रीवास्तव, रमेश चंद्र गुप्ता, रणधीर सिंह, मयंक श्रीवास्तव, मास्टर शिव, विजय श्रीवास्तव, चंद्र मणि श्रीवास्तव, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, मेजर चंद्रशेखर शुक्ल समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS
