Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में कल से शुरू होगी जनगणना 2027 की ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया
बस्ती, 06 मई 2026.
भारत सरकार द्वारा डिजिटल इंडिया अभियान के तहत आगामी जनगणना 2027 में पहली बार ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की सुविधा शुरू की जा रही है। इसी क्रम में जनपद बस्ती में 07 मई 2026 से शुरू होने वाली इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के प्रत्येक नागरिक तक इस डिजिटल सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए और अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से न केवल आंकड़ों की शुद्धता बढ़ेगी, बल्कि आम जनता और प्रगणकों दोनों का समय भी बचेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं ताकि प्रगणक के घर पहुंचने से पहले ही नागरिक पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी विभागाध्यक्ष अपने विभाग के कर्मचारियों के साथ स्वयं भी स्व-गणना करें। सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 07 मई को जनप्रतिनिधियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की अनिवार्य रूप से सेल्फ एन्यूमरेशन कराई जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों, सचिवों और पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को स्कूलों एवं डिग्री कॉलेजों में सामूहिक रूप से सेल्फ एन्यूमरेशन कराने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल के सभी कर्मचारियों के साथ यह प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर, जबकि जिला पूर्ति अधिकारी को कोटेदारों के माध्यम से स्व-गणना अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसी तरह सभी एसडीएम और बीडीओ को अपने-अपने तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर कर्मचारियों के साथ सेल्फ एन्यूमरेशन कराने और आम जनता को इसके लिए प्रेरित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। बस्ती में यह पोर्टल 07 मई 2026 से सक्रिय होगा और नागरिकों को 21 मई 2026 तक अपनी जानकारी भरने की सलाह दी गई है।
पोर्टल पर मोबाइल नंबर और परिवार के मुखिया के नाम के माध्यम से ओटीपी आधारित पंजीकरण किया जा सकेगा। यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगी। फॉर्म में मकान, बिजली, पानी, शौचालय और संपत्ति सहित कुल 33 प्रकार की जानकारियां मांगी जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। सत्यापन के दौरान प्रगणक के आने पर नागरिकों को केवल यही आईडी दिखानी होगी, जिससे दोबारा पूरी जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल जनगणना देश के भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और सभी नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूर्ण कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करें।
NGV PRAKASH NEWS
