सजा काट चुके कैदी पर आया महिला जेलर का दिल- सारे बंधन तोड़ रचा ली शादी…….

NGV PRAKASH NEWS

सतना सेंट्रल जेल में शुरू हुई प्रेम कहानी शादी तक पहुंची, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ने पूर्व उम्रकैदी से रचाई शादी

सतना, 07 मई 2026.

मध्य प्रदेश के सतना से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने सामाजिक और धार्मिक बंधनों को पीछे छोड़ दिया। सतना सेंट्रल जेल में तैनात असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट फिरोजा खातून ने उम्रकैद की सजा काट चुके पूर्व कैदी धर्मेंद्र सिंह से विवाह कर लिया। यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार फिरोजा खातून वर्ष 2019 में सतना सेंट्रल जेल में असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट के पद पर तैनात हुई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात धर्मेंद्र सिंह से हुई, जो छतरपुर जिले के चंदला का निवासी है और वर्ष 2007 में एक पार्षद की हत्या तथा शव दफनाने के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। जेल में धर्मेंद्र वारंट संबंधी कार्यों में सहयोग करता था, जिसके चलते दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।

समय के साथ यह बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह का रूप देने का फैसला किया। वर्ष 2022 में अच्छे आचरण के आधार पर 14 साल की सजा पूरी करने के बाद धर्मेंद्र सिंह जेल से रिहा हो गया। इसके बाद दोनों ने शादी की तैयारी शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सामाजिक और पारिवारिक दबाव से बचने के लिए धर्मेंद्र ने अपना नाम बदलकर शादी का कार्ड छपवाया। बीते 5 मई को छतरपुर जिले के लवकुश नगर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने विवाह कर लिया।

इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि फिरोजा खातून के मुस्लिम परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया और शादी समारोह में शामिल नहीं हुआ। ऐसे में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राजबहादुर मिश्रा और उनकी पत्नी ने फिरोजा का कन्यादान किया। विवाह समारोह में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

यह अनोखी प्रेम कहानी अब सतना समेत आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है। सतना सेंट्रल जेल के अधिकारियों, कर्मचारियों और कैदियों ने भी नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं दी हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *