महिला चेन स्नैचरों के गिरोह की तीन महिलाएं आई पुलिस के गिरफ्त में……..

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर पुलिस ने महिला चोर गिरोह का किया खुलासा, तीन अभियुक्ताएं गिरफ्तार

संतकबीरनगर, 07 मई 2026.

संतकबीरनगर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने की चैन, आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति, एक पर्स तथा 6500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना दुधारा पुलिस टीम ने तीनों महिलाओं को दुधारा सीएचसी अस्पताल तिराहे से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान शीला देवी पत्नी संतोष निवासी अमिलहवा पचपोखरी थाना दुधारा, उषा देवी पत्नी विकास निवासी पैकवलिया थाना दुधारा तथा अदिती पत्नी विशाल निवासी सरही कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना 2 मई 2026 की है, जब अफसाना खातून नामक महिला ऑटो से सेमरियावां जा रही थीं। रास्ते में ऑटो में बैठी तीन महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उनका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें सोने की चैन, आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति रखी हुई थी। इस मामले में थाना दुधारा पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना में मेंहदावल निवासी अमृता देवी का सोने का चैन बाजार से घर लौटते समय टेम्पो में चोरी कर लिया गया था। इस मामले में थाना मेंहदावल में मुकदमा दर्ज हुआ था।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिलाओं ने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। अभियुक्ताओं ने बताया कि उन्होंने चोरी की गई एक सोने की चैन 32 हजार रुपये में बेच दी थी और रकम आपस में बांट ली थी। बरामद 6500 रुपये उसी रकम में से बचे हुए बताए गए हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल भीम कुमार, महिला आरक्षी पूजा जायसवाल, आरती सिंह और पल्लवी शामिल रहीं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *