NGV PRAKASH NEWS

सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री
नई दिल्ली/कोलकाता, 08 मई 2026.
जैसा कि लोगों में चर्चा का दौर चल रहा था पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सुवेंदु अधिकारी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है।
📍शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के नेतृत्व की तस्वीर साफ हो गई है।
सुवेंदु ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों से हराकर राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया था। चुनाव परिणाम 04 मई 2026 को घोषित हुए थे, जिसके बाद से मुख्यमंत्री पद को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही थीं।
इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के करीब 15 वर्षों के शासन का अंत हो गया।
भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सुवेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की जाती है। इसके बाद बैठक में मौजूद विधायकों ने मेज थपथपाकर उनका स्वागत किया।
फिलहाल पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी कल 11 बजे शपथ ग्रहण करेंगे |
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने बंगाल में संगठन और सरकार दोनों को मजबूत संदेश देने की कोशिश की है। अब सभी की नजरें नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और मंत्रिमंडल गठन पर टिकी हैं।
NGV PRAKASH NEWS
