किराना व्यापारी की हत्या करने वाला तीसरा आरोपी भी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कप्तानगंज में हत्या कर शव फेंकने वाले 25 हजार के इनामिया आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, अवैध तमंचा और बाइक बरामद

बस्ती, 09 मई 2026.

थाना कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की निर्मम हत्या करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया था। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। शुक्रवार को गढ़हा गौतम के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा विश्वकर्मा पुत्र दीप नारायण विश्वकर्मा निवासी फरेंदा सेंगर थाना कप्तानगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

बताते चलें कि पूरी घटना 03 मई 2026 की है, जब थाना कप्तानगंज क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर करचौलिया स्थित माता मंदिर के पूर्व सड़क किनारे फार्म के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान होने पर उसकी पत्नी की तहरीर के आधार पर थाना कप्तानगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कराई। जांच के दौरान त्रिनेत्र अभियान के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया गया। पुलिस की विवेचना में सामने आया कि हत्या की साजिश में कई लोग शामिल थे।

जांच के क्रम में पुलिस ने 05 मई 2026 को दो आरोपियों शिवम गुप्ता और ऋषभ मिश्रा उर्फ राज मिश्रा को फरेंदा सेंगर बगीचे के पास से गिरफ्तार कर लिया था। उस दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टूटा हुआ चाकू, पिकअप वाहन, खून से सना तौलिया, संदिग्ध रक्त लगे कपड़े तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की थी। हालांकि घटना में शामिल तीसरा आरोपी शिवा विश्वकर्मा लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि इनामिया आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज हत्या के मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं। साथ ही आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और पुलिस पर हमला करने से संबंधित धाराओं में एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी महाराजगंज अनिल त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विवेकानंद तिवारी, उपनिरीक्षक रविन्द्र यादव सहित थाना कप्तानगंज की पुलिस टीम शामिल रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *