NGV PRAKASH NEWS

पति की पिटाई कर तलाक मांगने का आरोप, तीन बच्चों को लेकर घर से गई महिला; वीडियो वायरल
फतेहपुर, 09 मई 2026.
उत्तर प्रदेश के जिले में पति-पत्नी के विवाद का एक मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट से जुड़े इस मामले में पति ने पत्नी पर मारपीट, तलाक का दबाव बनाने और तीन मासूम बच्चों को लेकर घर छोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं महिला ने भी ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। घटना से जुड़े वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
पीड़ित सज्जाक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब आठ वर्ष पहले सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सेटी गांव निवासी अफसाना कुरैशी से हुआ था। उसके अनुसार शादी के शुरुआती एक वर्ष तक दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगे। पति का आरोप है कि पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी और कई बार दोनों के बीच तनाव इतना बढ़ा कि मामला महिला थाने तक पहुंच गया। वहां पुलिस की मौजूदगी में समझौता होने के बाद महिला फिर से उसके साथ रहने लगी थी।
सज्जाक का कहना है कि समझौते के बाद भी घरेलू विवाद खत्म नहीं हुआ। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी आए दिन उसके साथ मारपीट करती थी और लगातार तलाक की मांग कर रही थी। पति के मुताबिक जब उसने तलाक देने से इंकार किया तो महिला घर छोड़कर चली गई। आरोप है कि जाते समय वह अपने साथ तीनों बच्चों को भी ले गई। साथ ही घर में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात भी ले जाने की बात कही गई है।
घर से निकलते समय महिला बच्चों के साथ जाती हुई सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं करीब दो महीने पुराना एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला अपने पति की पिटाई करते हुए कथित तौर पर तलाक की मांग करती दिखाई दे रही है।
दूसरी ओर महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और परेशान करने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों के आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। थाना कोतवाली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों और आरोपों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS
