पेट्रोल पंप कर्मी की संदिग्ध मौत का मामला पहुंचा पुलिस तक, पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए दर्ज कराया मुकदमा…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पेट्रोल पंप कर्मी की संदिग्ध मौत का मामला पहुंचा पुलिस तक, पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए दर्ज कराया मुकदमा

बस्ती, 13 मई 2026.

शहर कोतवाली क्षेत्र के कोपिया गांव निवासी एक पेट्रोल पंप कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की पत्नी ने पेट्रोल पंप संचालक और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।

मृतक की पत्नी ज्योति सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उनके पति जीत नारायण सिंह पिछले करीब 12 वर्षों से रिठिया स्थित शैलेंद्र गुप्ता के हिंदुस्तान पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि बीते लगभग 10 वर्षों से उनके वेतन में से हर महीने छह हजार रुपये काट लिए जाते थे और कहा जाता था कि जरूरत पड़ने पर पूरा पैसा वापस दे दिया जाएगा।

तहरीर में बताया गया है कि हाल ही में जीत नारायण सिंह बस्ती शहर में जमीन खरीदने के लिए अपने बकाया रुपये मांग रहे थे, लेकिन पेट्रोल पंप संचालक द्वारा लगातार टालमटोल की जा रही थी। पत्नी का आरोप है कि 12 मई 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच बकाया रुपये को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद शैलेंद्र गुप्ता और उनके परिवार के लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की और उन्हें सड़क पर फेंक दिया।

ज्योति सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के समय वह अपने मायके में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान शैलेन्द्र गुप्ता नें उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि उनके पति की मौत हो गई है। पत्नी ने तहरीर में स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *