अब घर बैठे अपने खेत की प्रमाणित खतौनी ऐसे प्राप्त करें…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

खतौनी अब पूरी तरह ऑनलाइन और रियल टाइम, घर बैठे डाउनलोड कर सकेंगे प्रमाणित प्रति

बस्ती, 13 मई 2026.

जनपदवासियों के लिए राजस्व विभाग ने बड़ी सुविधा शुरू की है। अब भू-लेख पोर्टल पर खतौनी को पूरी तरह ऑनलाइन और रियल टाइम कर दिया गया है। इसके तहत भूमिधर अब घर बैठे ही ऑनलाइन शुल्क जमा कर किसी भी समय खतौनी की प्रमाणित प्रति डाउनलोड कर सकेंगे।

यह जानकारी मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने दी। उन्होंने बताया कि अभी तक तहसील कम्प्यूटर केन्द्र और जनसेवा केन्द्रों के माध्यम से खतौनी की प्रतियां उपलब्ध कराई जाती थीं, लेकिन अब ई-गवर्नेंस और डिजिटल इंडिया की संकल्पना को आगे बढ़ाते हुए पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आवेदक राजस्व विभाग की आधिकारिक वेबसाइट भूलेख पोर्टल https://bor-up-nic-in/ पर जाकर ‘खतौनी की नकल’ टैब के माध्यम से जनपद, तहसील और ग्राम का चयन कर संबंधित गाटा संख्या की खतौनी देख सकता है। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान कर प्रमाणित प्रति डाउनलोड की जा सकती है।

राजस्व विभाग के अनुसार खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए मात्र 15 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। भुगतान के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड स्कैन जैसे विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था से तहसीलों पर जनदबाव कम होगा और लोगों के समय, श्रम तथा संसाधनों की भी बचत होगी। अब भूमिधारकों को खतौनी के लिए तहसील या कॉमन सर्विस सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें 24×7 कभी भी और कहीं से भी ऑनलाइन सेवा उपलब्ध रहेगी।

इस नई व्यवस्था के व्यापक प्रचार-प्रसार और आम जनता को लाभान्वित कराने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *