NGV PRAKASH NEWS

📍सांकेतिक चित्र
NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, बीजेपी नेता और भाई CBI की गिरफ्त में
जयपुर/नई दिल्ली, 13 मई 2026.
देश के चर्चित नीट पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने राजस्थान से बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता दिनेश बिवाल और उसके भाई मांगीलाल बिवाल को गिरफ्तार किया है। दोनों भाइयों पर नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र खरीदने और उसे अन्य लोगों तक पहुंचाने का आरोप है।
जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने करीब 30 लाख रुपये में पेपर खरीदा था। यह पेपर राजस्थान के सीकर जिले में कंसल्टेंसी एजेंसी चलाने वाले राकेश मंडवारिया से लिया गया था। बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों भाइयों ने अपने परिवार के बच्चों के लिए प्रश्नपत्र खरीदा था, लेकिन बाद में आर्थिक लाभ के लिए इसे अन्य लोगों को भी बेच दिया गया।
दिनेश बिवाल जयपुर की जमवा रामगढ़ विधानसभा सीट पर बीजेपी का सक्रिय कार्यकर्ता बताया जा रहा है। वह पार्टी के कई कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और बीजेपी युवा मोर्चा में पदाधिकारी भी रह चुका है। सोशल मीडिया पर उसके कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
सूत्रों के अनुसार राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने पूछताछ के बाद दोनों भाइयों को सीबीआई के हवाले किया। बताया जा रहा है कि देहरादून से राकेश मंडवारिया को हिरासत में लेने के बाद जांच एजेंसियों को बिवाल ब्रदर्स के बारे में अहम जानकारी मिली थी।
जांच एजेंसियों को शक है कि परिवार के कुछ बच्चों का मेडिकल कॉलेजों में चयन भी संदिग्ध तरीके से कराया गया हो सकता है। ऐसे में सीबीआई अब परिवार के अन्य सदस्यों और मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों से भी पूछताछ कर सकती है।
इधर कांग्रेस ने मामले को लेकर बीजेपी पर हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोपी दिनेश बिवाल की तस्वीरें साझा करते हुए बीजेपी से जवाब मांगा है। वहीं बीजेपी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल सीबीआई दोनों भाइयों से लगातार पूछताछ कर रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में नीट पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
NGV PRAKASH NEWS
