NGV PRAKASH NEWS

➡️दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार और पूर्वोत्तर तक मौसम का मिजाज अचानक खतरनाक हो गया है। मौसम विभाग ने देश के 16 राज्यों में तूफानी आंधी, तेज बारिश और वज्रपात को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक कई राज्यों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हालात और भी गंभीर होने की आशंका जताई गई है।
नई दिल्ली, 14 मई 2026.
💥भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत को जहां बारिश ने राहत दी है, वहीं तूफानी मौसम अब आफत बनकर सामने आया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत 16 राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
📍मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी और आंधी की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।
उत्तर प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा भयावह बताए जा रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश में अब तक 75 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई जिलों में पेड़ जड़ से उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और मकानों की छतें उड़ गईं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
📍मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी हिस्सों पर बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं के कारण प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से आंधी चली। इसका असर रेल यातायात, बिजली व्यवस्था और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। कई ट्रेनें प्रभावित हुईं जबकि एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन में भी दिक्कतें सामने आईं।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जगहों पर तेज गर्जना के साथ बारिश हुई और धूलभरी आंधी चली। वहीं बिहार और झारखंड में भारी बारिश और तूफान की आशंका को देखते हुए कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के साथ निचले क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की चेतावनी दी है।
📍छत्तीसगढ़ में भी आंधी ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। अकलतरा क्षेत्र में तेज तूफान और बारिश के चलते 400 केवी का ट्रांसमिशन टावर गिर गया, जिससे जेएसडब्ल्यू-महानदी पावर कंपनी लिमिटेड की 1800 मेगावाट क्षमता वाली तीनों यूनिट एक साथ ट्रिप कर गईं। पूरे प्लांट में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई, जिसका असर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु तक बिजली आपूर्ति पर पड़ा।
मौसम विभाग ने लोगों को बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की गई है। आने वाले 24 से 48 घंटे कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं।
NGV PRAKASH NEWS
