NGV PRAKASH NEWS

NEET UG री-एग्जाम 21 जून को होगा, NTA ने जारी की आधिकारिक सूचना
नई दिल्ली, 15 मई 2026 — राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने NEET UG री-एग्जाम की आधिकारिक तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा अब 21 जून 2026 को देशभर में आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों के बीच बनी असमंजस की स्थिति के बीच NTA की इस घोषणा से छात्रों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा में इस वर्ष लगभग 23 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। पेपर लीक विवाद सामने आने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इसके बाद से ही छात्र लगातार री-एग्जाम की तारीख का इंतजार कर रहे थे।
NTA द्वारा जारी सूचना के अनुसार री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही अभ्यर्थियों से किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। परीक्षा के एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे, जिन्हें छात्र NEET Official Website पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे।
बताया जा रहा है कि परीक्षा से पहले राजस्थान के सीकर समेत कुछ कोचिंग सेंटरों में व्हाट्सएप के माध्यम से कथित “गेस पेपर” छात्रों तक पहुंचाया गया था। जांच एजेंसियों को मिले इनपुट के बाद राजस्थान एसओजी ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच में यह बात सामने आई कि कथित गेस पेपर के कई सवाल वास्तविक परीक्षा से मेल खाते थे, जिसके बाद पूरे देश में विवाद खड़ा हो गया।
अब परीक्षा की नई तारीख घोषित होने के बाद छात्रों को तैयारी तेज करने की सलाह दी जा रही है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा में कम समय बचा है, ऐसे में अभ्यर्थियों को संशोधित रणनीति के साथ तैयारी करनी चाहिए।
NGV PRAKASH NEWS
