बेटी की विदाई से पहले घर में घुसे चोर, लाखों के गहने-नगदी की पार, दुधौरा गांव में दहशत…….

NGV PRAKASH NEWS

बेटी की विदाई से पहले घर में घुसे चोर, लाखों के गहने-नगदी की पार, दुधौरा गांव में दहशत

बस्ती, 15 मई 2026.

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुधौरा गांव में गुरुवार रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिवार के लोगों के सोते रहने के दौरान आलमारी तोड़कर नगदी और जेवरात समेट ले गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित परिवार के अनुसार घर में बेटी की शादी का माहौल था और जल्द ही विदाई होनी थी। शादी के लिए जुटाए गए गहने, नगदी और सामान घर में रखा हुआ था। इसी बीच देर रात चोरों ने घर को निशाना बना लिया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी टूटी मिली। परिवार का आरोप है कि चोर करीब 8 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 1 लाख 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

ग्रामीणों के मुताबिक चोरों ने गांव के एक और घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लगातार दो घरों में हुई चोरी से इलाके में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त नाममात्र की रह गई है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि बेटी की विदाई की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि क्या यह मामला भी अन्य चोरियों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा या फिर पुलिस इस बार कर देगी खुलासा ।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *