महिला की मौत पर परिजनों का हॉस्पिटल के बाहर हंगामा, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप…….

NGV PRAKASH NEWS

गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप, महिला की मौत के बाद अमृत हॉस्पिटल के बाहर हंगामा

बस्ती, 15 मई 2026.
मुंडेरवा थाना क्षेत्र स्थित अमृत हॉस्पिटल में कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने से 26 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मुंडेरवा थाना क्षेत्र के लोहदर गांव निवासी अनिल चौधरी अपनी पत्नी रोशनी देवी को गुरुवार देर रात लगभग 11:30 बजे शरीर में तेज खुजली की शिकायत होने पर अमृत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला को एक के बाद एक तीन इंजेक्शन लगाए गए। आरोप है कि तीसरा इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद रोशनी देवी की हालत अचानक बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा।

परिजनों के मुताबिक स्थिति गंभीर होते देख अस्पताल संचालकों ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन ओड़वारा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते-पहुंचते उसकी मौत हो गई। इसके बावजूद परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के परिजनों ने दावा किया कि अस्पताल में लगाए गए इंजेक्शन की तस्वीर उन्होंने मोबाइल में खींच ली थी। आरोप है कि जब वह फोटो जिला अस्पताल के डॉक्टर को दिखाई गई तो परिजनों द्वारा कथित रूप से बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने कहा कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण महिला की हालत बिगड़ी। हालांकि इस संबंध में अभी किसी डॉक्टर की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह अस्पताल स्टाफ द्वारा जो इंजेक्शन का नाम बताया गया, वह रात में लगाए गए इंजेक्शन से अलग था। मामले को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन जारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।

लोगों के अनुसार महिला ने कोई दवा खाई थी, जिसके बाद शरीर में खुजली की समस्या शुरू हुई थी। परिजनों का कहना है कि महिला द्वारा जो दवा खाया गया था उक्त दवा को हम लोग लेकर आए थे और अस्पताल स्टाफ को भी दिखाये , लेकिन उन्हें आश्वस्त किया गया कि कोई गंभीर बात नहीं है और मरीज ठीक हो जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *