वैश्विक आर्थिक हालात पर प्रशासन सतर्क, बस्ती में सर्राफा व्यापारियों संग हुई अहम बैठक…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच बुलियन और सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की अपील, डीएम ने सर्राफा व्यापारियों संग की बैठक

बस्ती, 18 मई 2026 — वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव को देखते हुए भारत सरकार द्वारा नागरिकों से बुलियन और सोने की अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील के क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की, जिसमें संबंधित अधिकारियों, व्यापार मंडल और सर्राफा व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात का असर विभिन्न देशों की अर्थव्यवस्था और बाजार व्यवस्था पर पड़ रहा है। ऐसे समय में केंद्र सरकार ने आमजन से संयमित व्यवहार अपनाने और अनावश्यक रूप से सोना एवं बुलियन खरीदने से बचने की अपील की है, ताकि बाजार पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और आर्थिक संतुलन बना रहे।

जिलाधिकारी ने सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं को विस्तार से सुना और भरोसा दिलाया कि उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कोविड काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में समाज के हर वर्ग के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। उस दौरान व्यापार जगत भी प्रभावित हुआ था, लेकिन सर्राफा कारोबार से जुड़े लोगों ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने वैक्सीनेशन, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभाला था।

टैरिफ नीति 2025 का जिक्र करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कठिन समय स्थायी नहीं होता और परिस्थितियां बदलती रहती हैं। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से जारी गाइडलाइन और अपील का जिम्मेदार नागरिक के रूप में पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार में हो रहे उतार-चढ़ाव पर भी विस्तार से चर्चा की।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्वर्ण कारोबारियों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी किसी अन्य व्यवसाय में भी हाथ आजमाना चाहते हैं तो इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को नोट कर लिया गया है और शासन की अपील का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बस्ती जिले का सहयोग हमेशा सकारात्मक रहा है। आर्थिक मंदी जैसे हालात में सभी को संयम और तैयारी के साथ आगे बढ़ना होगा।

बैठक के दौरान सर्राफा व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखीं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और संबंधित चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, उपायुक्त वाणिज्यकर प्रभाकर सरोज, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेन्द्र यादव, जिलाध्यक्ष सर्राफा कुन्दन वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व्यापार संगठन जगदीश अग्रहरि, विश्वनाथ वर्मा सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *