आज देश भर में बंद रहेगी दवा की दुकानें- मरीजों को उठानी पड़ सकती है परेशानियां…….

NGV PRAKASH NEWS

देशभर में आज केमिस्टों की हड़ताल, कई राज्यों में दवा दुकानों पर पड़ सकता है असर

नई दिल्ली, 20 मई 2026.

देशभर में आज बुधवार को दवा दुकानदारों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते आम लोगों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऑनलाइन और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के बैनर तले 24 घंटे की हड़ताल बुलाई गई है। संगठन का दावा है कि देशभर की 10 लाख से अधिक मेडिकल दुकानें इस बंद में शामिल हो सकती हैं।

हड़ताल के दौरान केमिस्ट संगठन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और धरना देंगे। हालांकि मरीजों को राहत देने के लिए आपातकालीन दवाओं की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही गई है। केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि सरकार की डिजिटल नीतियों और अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण पारंपरिक मेडिकल स्टोर्स का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

AIOCD के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेएस शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल के अनुसार संगठन की तीन प्रमुख मांगें हैं। इनमें दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री से जुड़े नोटिफिकेशन GSR 817 को वापस लेना, कोरोना काल में लागू नोटिफिकेशन GSR 220 को निरस्त करना और ऑनलाइन दवाओं पर दिए जा रहे भारी डिस्काउंट पर रोक लगाना शामिल है। संगठन का कहना है कि यदि डिस्काउंट व्यवस्था जारी रखनी है तो ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO) में संशोधन कर ऑफलाइन दुकानदारों का मार्जिन बढ़ाया जाए।

हालांकि इस हड़ताल को लेकर सभी राज्यों में एक जैसी स्थिति नहीं है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, गुजरात, छत्तीसगढ़, सिक्किम, उत्तराखंड और लद्दाख की कई रिटेल फार्मेसी एसोसिएशनों ने हड़ताल से दूरी बनाई है। इन राज्यों की संस्थाओं ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे और दवाओं की उपलब्धता बनी रहेगी।

इसके बावजूद कर्नाटक के कुछ हिस्सों और मध्य प्रदेश में हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल सकता है। बताया जा रहा है कि कर्नाटक में 20 हजार से अधिक केमिस्ट और मध्य प्रदेश के 52 जिला संगठन इस बंद में शामिल होंगे।

हड़ताल को देखते हुए राज्यों के स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल प्रशासन भी सतर्क हो गए हैं। तेलंगाना में ड्रग कंट्रोल प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर हेल्पलाइन नंबर और स्थानीय ड्रग इंस्पेक्टरों के संपर्क नंबर सार्वजनिक किए हैं। वहीं अपोलो और मेडप्लस जैसे बड़े कॉर्पोरेट मेडिकल स्टोर्स को खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं। चंडीगढ़ केमिस्ट एसोसिएशन ने भी बंद का समर्थन किया है, हालांकि कुछ मेडिकल स्टोर 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *