शादी का झांसा, यौन शोषण और हनीट्रैप नेटवर्क का शक: बाहुबली व्यापारी नेता नरेश पांडे हिरासत में…….

NGV PRAKASH NEWS

नैनीताल, 20 मई 2026.
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। खुद को व्यापारी नेता और प्रभावशाली चेहरा बताने वाले चर्चित बाहुबली नरेश पांडे पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलते ही नैनीताल पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मंगलवार सुबह आरोपी को उसके भवाली स्थित आवास से हिरासत में ले लिया।

पीड़िता द्वारा मल्लीताल कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। खास बात यह रही कि इलाके में प्रभावशाली छवि रखने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने बिना किसी दबाव के कार्रवाई करते हुए यह संदेश देने की कोशिश की कि कानून से बड़ा कोई नहीं होता।

जांच के दौरान अब इस मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ और शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपी के संरक्षण में महिलाओं को इस्तेमाल कर कुछ लोगों को जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद कथित तौर पर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने जैसी गतिविधियां भी सामने आई हैं। पुलिस को आशंका है कि मामला केवल यौन शोषण तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे किसी संगठित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग नेटवर्क का भी संबंध हो सकता है। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए अब जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मंगलवार सुबह जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची तो वहां मौजूद कुछ हथियारबंद बाउंसरों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों की भूमिका क्या थी और क्या वे किसी संगठित गतिविधि का हिस्सा थे। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां आरोपी के आर्थिक लेनदेन, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

मामले को लेकर नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करने जैसे कुछ इनपुट भी मिले हैं, जिनकी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *