बुलाकर पिलाया शराब:उसके बाद चाकू मार कर दी हत्या,पुलिस ने 6 किया आरोपियों को किया गिरफ्तार…….

NGV PRAKASH NEWS

24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल रामपुरी चाकू बरामद

बलरामपुर, 23 जून 2026।

जनपद बलरामपुर की श्रीदत्तगंज पुलिस ने युवक की हत्या की सनसनीखेज घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए हत्या में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रामपुरी चाकू भी बरामद कर लिया है।

मामला थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम अहिरनडीह का है। 21 जून 2026 को कय्यूम पुत्र निब्बर ने पीआरवी 7172 पर सूचना दी थी कि उसके भाई राजू उर्फ मोहम्मद हुसैन (28 वर्ष) की हत्या कर दी गई है और उसका शव बजाज चीनी मिल के पास स्थित यूकेलिप्टस के बाग में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की।

वादी की तहरीर के आधार पर थाना श्रीदत्तगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर राघवेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्रीदत्तगंज अविरल शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक राजू उर्फ मोहम्मद हुसैन को आरोपियों ने शराब पिलाने के बहाने अपने साथ बुलाया था। उसे यूकेलिप्टस के सुनसान बाग में ले जाकर अधिक मात्रा में शराब पिलाई गई और नशे की हालत में चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए थे।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरमान पुत्र बहादुर अली शाह, समीर पुत्र बहादुर अलीशाह, अरमान पुत्र ननकऊ, सलमान पुत्र मोहम्मद अली शाह, हमदान पुत्र इरफान तथा मोहम्मद पुत्र नजर मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि कुछ समय पहले मृतक राजू ने उनके भाई रहमान के साथ मारपीट की थी, जिससे वे उससे रंजिश रखने लगे थे। मुंबई से घर लौटने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त रामपुरी चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *