अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन हुआ सख्त, दिया विस्तृत जानकारी…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन हुआ सख्त, कोचिंग संचालकों को दिए गए जरूरी निर्देश

बस्ती, 25 जून 2026।
जनपद बस्ती में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोतवाली परिसर में 50 से अधिक कोचिंग संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को फायर सेफ्टी प्लान तैयार रखने, आपातकालीन निकासी मार्ग सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में छात्रों एवं आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर फायर ब्रिगेड टीम द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया, जिसमें आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं नियंत्रण के तरीकों का प्रदर्शन किया गया। विशेष रूप से गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई, जिससे संचालकों को आपदा प्रबंधन की वास्तविक समझ मिल सके।

अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शहर स्थित क्रिसेंट मॉल का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मॉल में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फूड कोर्ट, इलेक्ट्रिक रूम तथा पंप रूम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित प्रबंधन को सभी सुरक्षा उपकरणों के नियमित रखरखाव और समय-समय पर उनकी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *