Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दरोगा अजय गौड़ मौत प्रकरण: जांच में डूबने से मृत्यु की पुष्टि, हत्या की आशंकाओं पर विराम
बस्ती, 26 जून 2026।
जनपद बस्ती के परशुरामपुर थाने में तैनात रहे उपनिरीक्षक अजय गौड़ की मौत को लेकर कई महीनों से चल रही चर्चाओं और अटकलों पर पुलिस जांच ने बड़ा खुलासा किया है। बस्ती परिक्षेत्र के डीआईजी श्री संजीव त्यागी ने मामले की जांच पूरी होने के बाद बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और चिकित्सकीय रिपोर्टों के आधार पर यह मामला हत्या का नहीं बल्कि सरयू नदी में डूबने से हुई मृत्यु का पाया गया है।
गौरतलब है कि 5 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक अजय गौड़ के अचानक लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। अमहट घाट के पास उनकी मोटरसाइकिल मिलने से मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद 8 फरवरी को सरयू नदी से उनका शव बरामद हुआ था, जिससे विभिन्न प्रकार की आशंकाएं और चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
परिजनों ने शुरुआत में हत्या की आशंका व्यक्त की थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसी दौरान एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ था। हालांकि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त व्यक्ति का उपनिरीक्षक की मौत से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था।
पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखकर विशेषज्ञ जांच के लिए एम्स गोरखपुर भेजा गया। चिकित्सकीय विशेषज्ञों की राय में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। जांच रिपोर्टों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने भी डूबने की संभावना को मजबूत किया। फेफड़ों में पानी न मिलने को लेकर उठे सवालों पर विशेषज्ञों ने बताया कि कई दिनों तक पानी में रहने के कारण शरीर में ऐसे परिवर्तन संभव हैं, जिससे सामान्य संकेत प्रभावित हो सकते हैं।
डीआईजी संजीव त्यागी के अनुसार घाट क्षेत्र में मौजूद लोगों के बयान, तकनीकी साक्ष्य तथा मेडिकल रिपोर्ट सहित सभी तथ्यों का परीक्षण करने के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि उपनिरीक्षक अजय गौड़ की मृत्यु सरयू नदी में डूबने से हुई। जांच के दौरान हत्या से जुड़े किसी भी ठोस साक्ष्य की पुष्टि नहीं हुई।
हालांकि इस निष्कर्ष के बाद भी कुछ सवाल सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हुए हैं। विशेष रूप से यह प्रश्न उठ रहा है कि यदि यह आत्मघाती या दुर्घटनात्मक परिस्थितियों में हुई घटना थी, तो उसके पीछे क्या कारण रहे होंगे। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट में मृत्यु का कारण डूबना बताया गया है और हत्या की आशंका को निराधार माना गया है।
NGV PRAKASH NEWS