टोल प्लाजा पर एलपीजी टैंकर में भीषण विस्फोट, पांच की हालत गंभीर…….

NGV PRAKASH NEWS

कौशांबी टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में भीषण आग, कई धमाकों से मचा हड़कंप; 7 घायल, 5 की हालत गंभीर

कौशांबी, 26 जून 2026।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी (कोखराज-हंडिया बाइपास) टोल प्लाजा के पास LPG गैस से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही देर में जोरदार धमाकों के साथ भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कानपुर की ओर से प्रतापगढ़ जा रहा टैंकर ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर टोल प्लाजा के बूथों से जा भिड़ा। टक्कर के बाद गैस रिसाव होने से आग तेजी से फैल गई और टोल परिसर इसकी चपेट में आ गया।

हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है। चालक और परिचालक समय रहते टैंकर से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई।

सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से टोल परिसर में खड़ी कई मोटरसाइकिलें और वाहन भी जल गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टक्कर के बाद गैस रिसाव से आग लगने की बात सामने आई है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यातायात धीरे-धीरे सामान्य कराया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *