पहली पोस्टिंग में ही घूस लेते पकड़ा गया सिपाही,अब वह बर्खास्त…….

NGV PRAKASH NEWS

रिश्वत लेते पकड़ा गया सिपाही बर्खास्त, पहली पोस्टिंग के डेढ़ महीने बाद ही गई नौकरी

शाहजहांपुर, 26 जून 2026।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार सिपाही विवेक कुमार को विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विवेक की यह पहली नियुक्ति थी और महज डेढ़ महीने की सेवा के भीतर ही उसकी नौकरी समाप्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव शिवनगर धूंसरी निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार जून 2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुआ था। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उसे 24 अप्रैल 2026 को शाहजहांपुर के जैतीपुर थाने में पहली तैनाती मिली थी। वह परिवीक्षा काल में थाना प्रभारी अश्विनी कुमार के हमराही के रूप में कार्य कर रहा था।

बताया गया कि 12 जून 2026 को एंटी करप्शन टीम ने हत्या के एक मुकदमे में आरोपी से 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विवेक कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था। कार्रवाई के बाद गढ़ियारंगीन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी सिपाही को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जैतीपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार को भी निलंबित कर दिया था। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अभी जारी है। वहीं सिपाही विवेक कुमार के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी पंकज पंत को सौंपी गई थी।

विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर सीओ सिटी ने अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने परिवीक्षा काल में चल रहे सिपाही विवेक कुमार को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *