मॉडल शॉप का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी के साथ DVR भी ले गए…….

NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में मॉडल शॉप का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नकदी के साथ DVR भी ले गए चोर

बस्ती, 29 जून 2026।

शहर कोतवाली क्षेत्र के डिडौहा चौराहे स्थित एक मॉडल शॉप में रविवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 3.51 लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ सीसीटीवी सिस्टम की DVR और हार्ड डिस्क भी उठा ले गए। पहचान मिटाने के उद्देश्य से दुकान में लगे कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुजिया गांव निवासी अभिनव पाण्डेय की डिडौहा चौराहे पर मॉडल शॉप है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मकान मालिक ने उन्हें फोन कर दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि रात के समय अज्ञात चोर ताला तोड़कर दुकान में घुस गए थे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

पीड़ित के मुताबिक, चोर दुकान में रखी दो दिन की बिक्री की 3,51,360 रुपये की नकदी अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर उनकी DVR और हार्ड डिस्क भी निकाल ली, जिससे उनकी पहचान से जुड़े साक्ष्य न मिल सकें।

घटना के दौरान चोर दुकान में रखी शराब की दो बोतलों में से एक पूरी और दूसरी आधी पीकर वहीं छोड़ गए, जिससे दुकान को अतिरिक्त नुकसान भी हुआ।

घटना के बाद अभिनव पाण्डेय ने शहर कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चोरी गई नकदी, DVR और अन्य सामान की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *