Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

यूपी टीईटी-2026: बस्ती में 20 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीएम और एसपी ने तैयारियों की समीक्षा, नकलविहीन परीक्षा के दिए निर्देश
बस्ती, 30 जून 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा राज्य की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल है और इसकी शुचिता तथा पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को किया जाएगा। प्रत्येक दिन 7,608 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान नियमित गश्त कराई जाएगी और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नकल, अफवाह या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में प्रश्नपत्रों एवं गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, समयबद्ध वितरण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बस्ती जनपद में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, उपजिलाधिकारी हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, सत्येन्द्र सिंह, उमाकान्त तिवारी, शत्रुध्न पाठक, रश्मि यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, केंद्र व्यवस्थापकगण सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS