NGV PRAKASH NEWS

चौकड़ी टोल प्लाजा फिर बना हादसों का केंद्र, खड़े ट्रक में पीछे से घुसी दूसरी ट्रक, चालक गंभीर घायल
बस्ती, 1 जुलाई 2026।
छावनी थाना क्षेत्र स्थित चौकड़ी टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। टोल प्लाजा से कुछ आगे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी ट्रक जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में एनएचएआई की टीम ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
इस हादसे के बाद एक बार फिर चौकड़ी टोल प्लाजा के आसपास भारी वाहनों के खड़े रहने का मुद्दा चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि टोल प्लाजा के आगे-पीछे वाहनों के खड़े होने पर रोक है, तो नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी किसकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद यदि प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
NGV PRAKASH NEWS