टीशु पेपर की आड़ में कर रहे थे गाजा की तस्करी-ऐसे फसे पुलिस के जाल में…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर में टीशू पेपर की आड़ में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 167.710 किलो गांजा बरामद

संतकबीरनगर, 13 अगस्त 2026

उड़ीसा से पंजाब जा रही थी करीब 50 लाख की गांजे की खेप

संतकबीरनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टीशू पेपर के बंडलों की आड़ में गांजा तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने एनएच-27 पर मगहर पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक अशोका लीलैंड डीसीएम से 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर पंजाब जा रहे थे। बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 746/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

टीशू पेपर के बीच सात बोरियों में छिपाया था गांजा

पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2026 की रात मगहर पुलिस चौकी के पास एनएच-27 पर गोरखपुर की ओर से आने वाले छोटे-बड़े वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी का संकेत देकर एक अशोका लीलैंड डीसीएम को रोका।

वाहन में चालक समेत दो लोग सवार मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम चंचल सिंह तथा दूसरे व्यक्ति ने राहुल बताया। दोनों ने प्रारंभिक पूछताछ में वाहन में टीशू पेपर लदा होने की बात कही। पुलिस ने जब वाहन की गहनता से जांच और पूछताछ की तो टीशू पेपर के बंडलों के बीच गांजा छिपाए जाने का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक डीसीएम में सात बोरियों में 167.710 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। आरोपियों ने पूछताछ में गांजे को उड़ीसा से पंजाब ले जाने की बात स्वीकार की।

प्रयागराज का रास्ता छोड़कर बनारस-गोरखपुर रूट चुना

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उड़ीसा में कुछ लोगों के संपर्क में रहकर गांजा प्राप्त करते थे। इसके बाद डीसीएम में टीशू पेपर के बंडलों के बीच गांजा छिपाकर पंजाब ले जाते थे, जहां ग्राहकों की तलाश कर उसे ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि श्रावण माह में प्रयागराज की ओर कांवड़ियों की अधिक आवाजाही तथा विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग और चेकिंग को देखते हुए उन्होंने प्रयागराज वाले मार्ग से जाने के बजाय बनारस से गोरखपुर होते हुए पंजाब जाने का रास्ता चुना था।

दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंचल सिंह पुत्र टरसेम सिंह, निवासी गली नंबर 2140, आदर्श नगर, थाना-07 नंबर डिवीजन, जनपद लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार चंचल सिंह अनपढ़ है और मजदूरी करता है।

दूसरे आरोपी की पहचान राहुल पुत्र उमेश कुमार, निवासी मकान नंबर 163, गली नंबर 03, बाबा जीवन सिंह नगर, बस्ती जोधेवाल, थाना वर्धमान नंबर-07, जनपद लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। राहुल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और ड्राइवर का काम करता है।

पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में दोनों आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। संबंधित जनपदों से समन्वय स्थापित कर उनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

गांजे के साथ डीसीएम, मोबाइल और दस्तावेज बरामद

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 167.710 किलोग्राम अवैध गांजा, घटना में प्रयुक्त एक अशोका लीलैंड डीसीएम, तीन मोबाइल फोन, एक पर्स, पांच ड्राइविंग लाइसेंस, एक एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

डीसीएम वाहन के आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।

एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी तथा पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे, एसओजी प्रभारी रजनीश राय और सर्विलांस सेल प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस बड़ी गिरफ्तारी और बरामदगी के लिए थाना कोतवाली खलीलाबाद, एसओजी तथा सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा में किस नेटवर्क से खरीदा गया था और पंजाब में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *