NGV PRAKASH NEWS


देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान दर्जनों छात्राएं बेहोश, मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
📍 40 से ज्यादा छात्राएं हुई बेहोश…….
📍डॉक्टरों का मानना है कि छात्राओं ने सुबह से कुछ नहीं खाया होगा और भूख–प्यास में गर्मी में पैदल चलने की वजह से डिहाइड्रेशन का शिकार हुई होंगी…….
देवरिया | 13 अगस्त 2026
देवरिया जिला मुख्यालय में जिला प्रशासन के आदेश पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की दर्जनों छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। छात्राओं के बेहोश होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में कई छात्राओं को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
कई छात्राओं को ऑक्सीजन पर रखा गया
मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में छात्राओं के पहुंचने के बाद कई डॉक्टर इलाज में जुट गए। बताया जा रहा है कि कई छात्राओं की हालत को देखते हुए उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। चिकित्सकों की टीम छात्राओं की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
तिरंगा यात्रा में मेडिकल सुविधा नहीं होने का आरोप
घटना के बाद कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने यात्रा के दौरान मेडिकल सुविधा और पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तिरंगा यात्रा के दौरान छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते स्थिति बिगड़ने पर छात्राओं को स्कूल से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजना पड़ा।
छात्राओं के बेहोश होने से मची अफरा-तफरी
तिरंगा यात्रा के दौरान एक के बाद एक छात्राओं के बेहोश होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल छात्राओं को मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। घटना के कारणों को लेकर अभी चिकित्सकीय जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
NGV PRAKASH NEWS