साली ने शादी से किया इनकार; जीजा ने गला रेत कर दी हत्या…….

NGV PRAKASH NEWS

गोंडा में रिश्ते की साली की गला रेतकर हत्या, शादी से इनकार पर वारदात का आरोप; अयोध्या से आरोपी गिरफ्तार

गोंडा/अयोध्या, 20 सितंबर 2026।

गोंडा के देहात कोतवाली क्षेत्र की युवती धर्मा निषाद की अयोध्या में हत्या कर शव सरयू नदी की सोती में फेंके जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार युवती के साथ रहने और शादी करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। शादी के लिए तैयार नहीं होने पर आरोपी भानु प्रताप निषाद ने कथित तौर पर चाकू से उसकी हत्या कर दी और शव को सरयू नदी के पानी में डाल दिया। पुलिस ने आरोपी को अयोध्या के नया घाट पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

15 सितंबर को घर से निकली थी धर्मा

पुलिस के मुताबिक, देहात कोतवाली क्षेत्र के मधईपुर ग्राम पंचायत के गुलाबगंज निवासी धर्मा निषाद 15 सितंबर को अयोध्या में रहने वाली अपनी बड़ी बहन के घर जाने के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वह बहन के घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान अयोध्या क्षेत्र में सरयू नदी के किनारे एक युवती का शव बरामद हुआ। बाद में सोशल मीडिया पर तस्वीर प्रसारित होने के बाद परिजनों ने शव की पहचान धर्मा के रूप में की।

कॉल डिटेल से पुलिस को मिला सुराग

शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार धर्मा की कॉल डिटेल में अंतिम बातचीत भानु प्रताप निषाद से सामने आई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के अयोध्या के नया घाट पुल के पास मौजूद होने की सूचना मिली, जिसके बाद 18 सितंबर को टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

शादी से इनकार के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में भानु ने बताया कि वह धर्मा के साथ रहना चाहता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन धर्मा इसके लिए तैयार नहीं थी। 15 सितंबर को धर्मा के अयोध्या आने की जानकारी मिलने पर वह मोटरसाइकिल से नया घाट बाईपास के पास पहुंचा और उसे अपने साथ एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां शादी और साथ रहने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से धर्मा की हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी ने शव को छिपाने के उद्देश्य से सड़क के नीचे स्थित सरयू नदी की सोती के पानी में डाल दिया और चाकू को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस ने बरामद किए चाकू, कपड़े और बाइक

गोंडा पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप निषाद पुत्र कन्हैया लाल निषाद, निवासी मरना माझा बलूईया, थाना महाराजगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। उसके कब्जे/निशानदेही से एक चाकू, घटना के समय पहनी गई टी-शर्ट, जींस पैंट और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले में थाना कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 894/2026 के तहत धारा 87, 103(1), 238 बीएनएस में कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने जांच के बाद किया खुलासा

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। उपलब्ध पुलिस विवरण के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय की प्रक्रिया के लिए भेजा गया है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *