पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड के पांच आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर में पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

संतकबीरनगर | 24 सितंबर 2026

लाल मिर्च पाउडर डालकर रोका, लाठी-डंडों और गैंती से किया हमला

संतकबीरनगर के कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के भकठान गोसाईपुर में पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत ब्रह्मानंद यादव की बाइक रोककर उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अभिमन्यु यादव, अजय यादव, रामस्वरूप यादव, संजय यादव और राकेश यादव शामिल हैं। इनमें चार आरोपियों को बयारा रोड मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से और राकेश यादव को महाराजगंज जनपद के भिठौली थाना क्षेत्र स्थित शिकारपुर नहर पुलिया तिराहा से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार बांस के डंडे, एक लोहे की गैंती और घटना में इस्तेमाल लाल मिर्च पाउडर बरामद किया है।

पुरानी रंजिश और प्रधानी चुनाव को लेकर विवाद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी राकेश यादव ने कथित तौर पर बताया कि गांव के प्रधान रमाकान्त यादव, उनके भाई ब्रह्मानंद यादव और श्रीकान्त यादव से उनका विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने ब्रह्मानंद यादव को रास्ते से हटाने और आगामी प्रधानी चुनाव में रमाकान्त यादव को हराने की योजना बनाई थी।

22 सितंबर को ब्रह्मानंद यादव बुलेट से जा रहे थे। इसी दौरान राकेश यादव ने कथित तौर पर उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। उनके गिरने के बाद अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और राकेश यादव द्वारा लोहे की गैंती से भी वार किए जाने की बात पुलिस ने पूछताछ के आधार पर बताई है।

मामले में थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 890/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान राकेश यादव का नाम सामने आया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 191(2), 191(3), 190 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और SOG की संयुक्त टीम शामिल रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *