Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ और दीपावली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, मानक के विपरीत डीजे बजा तो आयोजक समिति पर भी होगी एफआईआर
बस्ती, 9 अक्टूबर 2026।
आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, छठ पूजा और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बिजली, स्वच्छता, प्रतिमा विसर्जन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि मानकों के विपरीत डीजे बजाने पर संचालक के साथ दुर्गा प्रतिमा आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सभी नागरिकों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे, सद्भाव और मिल-जुलकर त्योहार मनाने की परंपरा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि साफ-सफाई केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को दुरुस्त करने और स्थानीय स्तर पर होने वाले बिजली फाल्ट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन मार्गों के सुदृढ़ीकरण और समतलीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
विसर्जन घाटों पर गोताखोर, नाव और रोशनी की होगी व्यवस्था
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित सभी घाटों पर समय से गोताखोरों, नावों और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
उन्होंने आयोजन समितियों से कहा कि पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर लें। दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सुरक्षित स्थानों पर की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। आरती और पूजन के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
मानक के विपरीत डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे का संचालन शासन द्वारा निर्धारित मानकों और मध्यम ध्वनि स्तर के अनुरूप ही होना चाहिए। यदि मानकविहीन ध्वनि पाई जाती है, तो डीजे संचालक के साथ-साथ दुर्गा प्रतिमा आयोजन समिति के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध सूचना या प्रतिकूल परिस्थिति सामने आती है, तो तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने आयोजकों और संभ्रांत नागरिकों से कार्यक्रम स्थलों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अनुशासन और निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
खाद्य सुरक्षा, अवैध पटाखों और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा, अवैध पटाखों और मादक पदार्थों से संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को त्योहारों के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता तथा सभी आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में संभ्रांत नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, जिससे त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारी और शांति समिति के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीआईओएस संजय सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ माला बाजपेयी, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, प्रद्युम्न कुमार, नौसीन सिद्दीकी, नगर पालिका के ईओ अंगद गुप्ता और जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा विधायक प्रतिनिधि, पत्रकार, शांति समिति के सदस्य, सभी क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना अध्यक्ष तथा अन्य गणमान्य नागरिकों ने बैठक में भाग लिया।
NGV PRAKASH NEWS