
जी.पी.दुबे
97210 711 75
प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की ग्रामीणों ने की पिटाई, पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को लिया हिरासत में
मऊ, 5 जनवरी 2025।
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक प्रेमी को अपनी प्रेमिका से मुलाकात करना महंगा पड़ गया। रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट बाजार में प्रेमी-प्रेमिका के बीच सार्वजनिक तौर पर प्यार का इजहार करना भारी हंगामे का कारण बन गया।
सूत्रों के अनुसार, 25 वर्षीय युवक और पड़ोस के गांव की 21 वर्षीय युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस प्रेम संबंध को लेकर लड़की के गांव वालों में पहले से ही नाराजगी थी। रविवार देर शाम जब दोनों खुरहट बाजार में मिले, तो लड़की के गांव के लोगों को इसकी जानकारी हो गई।
गांव से एक दर्जन से अधिक लोग मौके पर पहुंचे और प्रेमी को पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमी की जमकर पिटाई कर दी गई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर और मुहम्मदाबाद गोहना थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना, शीतला प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
मऊ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की पूरी छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से खुरहट बाजार और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।
(NGV PRAKASH NEWS)

