
राहुल गांधी के बयान पर मायावती का पलटवार, बोलीं- कांग्रेस को पहले खुद पर करना चाहिए आत्मचिंतन
लखनऊ, 22 फरवरी 2025।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बसपा पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। मायावती ने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के पीछे खुद उसकी गलत नीतियां थीं, लेकिन अब वह अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रही है।
शुक्रवार को अपने बयान में मायावती ने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही भाजपा सत्ता में आई, और हालात ऐसे हो गए कि कांग्रेस के ज्यादातर उम्मीदवार अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को अब चुनावी वादों को पूरा करने की चुनौती का सामना करना होगा, अन्यथा उसका हाल भी कांग्रेस जैसा हो सकता है।
क्या बोले थे राहुल गांधी?
गुरुवार को रायबरेली दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने दलित छात्रों के साथ बातचीत के दौरान मायावती के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा कि बसपा अगर इंडिया गठबंधन में शामिल होती, तो भाजपा को हराया जा सकता था। राहुल ने यह भी कहा कि वह चाहते थे कि मायावती भाजपा के खिलाफ कांग्रेस और अन्य दलों के साथ मिलकर लड़ें, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, जिससे उन्हें निराशा हुई।
अब मायावती के पलटवार से सियासी हलचल तेज हो गई है।
NGV PRAKASH NEWS

