
रीवा कोर्ट में प्रेमी जोड़े पर वकीलों का हमला, पुलिस ने बचाया
रीवा, मध्य प्रदेश | 22 फरवरी 2025
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां लव मैरिज के लिए कोर्ट पहुंचे एक प्रेमी जोड़े को वकीलों ने जमकर पीट दिया। बताया जा रहा है कि युवती हिंदू और युवक मुस्लिम था, जिस कारण वकीलों ने उन पर लव जिहाद का आरोप लगाकर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को वकीलों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।
परिवार से छिपकर कोर्ट पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिवार से छिपते हुए प्रेमी के साथ कोर्ट में शादी करने आई थी। कोर्ट में वकीलों से दस्तावेज तैयार कराने के दौरान जब दोनों ने अपने नाम बताए, तो धर्म अलग होने के चलते कुछ वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने प्रेमी जोड़े पर हमला बोल दिया और युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी।
वकीलों की पिटाई से युवक लहूलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोर्ट परिसर में अचानक हंगामा मच गया। वकीलों ने प्रेमी जोड़े को घेर लिया और युवक को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। इस दौरान युवती भी बुरी तरह डर गई। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को छुड़ाकर थाने ले गई।
पुलिस कर रही जांच, प्रेमी जोड़ा बालिग
सिविल लाइंस थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि प्रेमी जोड़ा पूरी तरह बालिग है। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित थाने पहुंचाया है और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और समाज में बढ़ते असहिष्णुता के मुद्दे को उजागर कर दिया है।
NGV PRAKASH NEWS
