छेड़खानी का विरोध किया तो नाम और मोबाइल नंबर के साथ यह लिख पूरे गांव में चिपका दिया

मुजफ्फरनगर: छेड़खानी का विरोध करना पड़ा महंगा, युवती के नाम और नंबर के अश्लील पोस्टर लगाकर की गई शर्मनाक हरकत

मुजफ्फरनगर, 18 मार्च 2025

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहां छेड़खानी का विरोध करने पर एक युवक ने युवती के नाम और फोन नंबर के साथ अश्लील बातें लिखे पोस्टर पूरे गांव में चिपका दिए

पीड़िता की शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया मामला

जैसे ही इन पोस्टरों की जानकारी मिली, पीड़िता अपने परिवार के साथ थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला, तो वह थाने में आत्महत्या कर लेगी।

क्या है पूरा मामला?

घटना तितावी थाना क्षेत्र के लडवा गांव की है, जहां गांव का ही एक युवक पुन्नू युवती के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अपने दोस्त विपिन के साथ मिलकर उसके नाम और फोन नंबर के साथ अश्लील बातें लिखे पोस्टर पूरे गांव में चिपका दिए।

गांव में पोस्टर लगने के बाद पीड़िता और उसके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे केस वापस ले लें।

पीड़िता और उसके भाई की दर्दनाक आपबीती

युवती ने बताया—
“आरोपी पुन्नू गांव का ही लड़का है। वह मुझे रोज परेशान करता था, रोकता था, फोन कर धमकियां देता था। जब मैंने विरोध किया, तो उसने पूरे गांव में मेरे पोस्टर चिपका दिए। इन पोस्टरों पर मेरे लिए गंदे शब्द लिखे गए हैं। मैं इंसाफ चाहती हूं। अगर मुझे न्याय नहीं मिला, तो मैं थाने में आत्महत्या कर लूंगी।”

पीड़िता के भाई ने कहा—
“आरोपी पुन्नू और विपिन के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन हमारे गांव का प्रधान और कुछ प्रशासनिक लोग हम पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।”

पुलिस का बयान—जल्द होगी गिरफ्तारी

सीओ फुगाना ऋषिका सिंह ने बताया—
“यह मामला तितावी थाना क्षेत्र के लडवा गांव का है। आरोपी युवकों ने पीड़िता के साथ छेड़खानी की और फिर शर्मनाक हरकत करते हुए पूरे गांव में उसके नाम के अश्लील पोस्टर लगा दिए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”

यह घटना सिर्फ एक लड़की के साथ हुई शर्मनाक हरकत नहीं, बल्कि समाज के उस भयावह सच को उजागर करती है, जहां पीड़िता को ही दबाने की कोशिश की जाती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन उसे इंसाफ दिलाने में कितनी तत्परता दिखाता है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *