पुलिस बर्बरता से आदर्श उपाध्याय की मौत पर काम कम राजनीतिक ज्यादा

पुलिस की बर्बरता से आदर्श उपाध्याय की मौत: नेताओं का दौरा जारी, परिवार को अब तक नहीं मिली मदद

बस्ती 27 मार्च 25.

बस्ती जिले के आदर्श उपाध्याय की मौत पुलिस की बर्बरता के कारण हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। इस घटना के बाद पब्लिक और राजनीतिक दलों के भारी दबाव के चलते कल देर शाम थाना अध्यक्ष दुबौलिया जितेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि उपनिरीक्षक अरुण गौड़ और कांस्टेबल शिवम सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि, पीड़ित परिवार को अब तक न्याय और आर्थिक मदद नहीं मिल पाई है।

इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र और प्रदेश गौ सेवक राज्य मंत्री महेश शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। समाजवादी पार्टी के सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव और कप्तानगंज विधायक अतुल चौधरी भी शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे समेत कई अन्य नेता भी इस मामले में सक्रिय हो गए हैं।

भले ही नेताओं के दौरे लगातार हो रहे हैं, लेकिन परिवार को अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। प्रशासन की ओर से कोई ठोस आर्थिक सहायता नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों में रोष है, वे मांग कर रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा मिले।

यह मामला सिर्फ एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। लोग जानना चाहते हैं कि क्या आदर्श उपाध्याय के परिवार को केवल राजनीतिक बयानबाजी मिलेगी या फिर न्याय भी मिलेगा?

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *