अलीगढ़ में सास दामाद के बाद अब शादीशुदा औरत 15 साल के लड़के को लेकर हुई फरार


अलीगढ़ में फिर चौंकाने वाली मोहब्बत: शादीशुदा युवती 15 साल के किशोर को लेकर हुई फरार

अलीगढ़, 22 अप्रैल 2025।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रिश्तों की मर्यादा को तोड़ती एक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पहले सास-दामाद के फरार होने का मामला सुर्खियों में था और अब रोरावर क्षेत्र से एक 22 वर्षीय शादीशुदा युवती 15 वर्षीय नाबालिग किशोर को लेकर फरार हो गई है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और दोनों परिवार एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

आसिफ बाग निवासी युवती की शादी करीब सवा साल पहले हुई थी और वह हाल ही में अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले नाबालिग से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। यह रिश्ता स्थानीय लोगों को असामान्य और आपत्तिजनक लगा। रविवार को अचानक दोनों गायब हो गए, जिससे दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।

युवती के परिवार ने पहले लड़के के परिजनों पर उसे भगाने का आरोप लगाया, जबकि अगले दिन लड़के के परिवार ने थाने में तहरीर देकर युवती पर उनके बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। किशोर की मां ने बताया कि लड़की के घरवाले धमकी भी दे रहे हैं, जबकि उनके परिवार खुद भी दोनों की तलाश में जुटे हैं।

पुलिस ने युवती के परिजनों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने लोकलाज के चलते कोई लिखित शिकायत नहीं दी। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पुलिस किसी तरह युवती को बरामद करे। फिलहाल, दोनों पक्ष सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी देने से बच रहे हैं।

रोरावर थाना प्रभारी शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि महिला पर नाबालिग को भगाने का आरोप है। मामले की जांच जारी है और पुलिस की टीमें महिला व किशोर की तलाश में लगी हुई हैं। दोनों के मिलने के बाद ही साफ हो पाएगा कि वास्तव में कौन किसे लेकर फरार हुआ।

— NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *