दुल्हन गयी थी ब्यूटी पार्लर और वह रहस्यमय ढंग से…

इटावा में शादी से पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन रहस्यमय ढंग से लापता, दूल्हा बारात लौटाकर ले गया

इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां शादी से ठीक पहले ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। देर रात तक दुल्हन का कोई सुराग नहीं मिला, जिससे विवाह समारोह में हड़कंप मच गया। नतीजतन, दूल्हे ने बारात वापस लौटा दी और शादी तोड़ दी। इस घटना के बाद दुल्हन के पिता ने कोतवाली में दूल्हे पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, दूल्हा बारात लेकर नियत समय पर मैरिज हाउस पहुंचा था। वहीं, दुल्हन शाम को तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। जैसे-जैसे समय बीतता गया, समारोह में बेचैनी बढ़ती गई। जब काफी देर तक दुल्हन नहीं लौटी तो मेहमानों और स्टाफ में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक दुल्हन का कुछ पता नहीं चला।

1200 लोगों की थी दावत, शादी में मचा कोहराम

शादी में लगभग 1200 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी। कैटरिंग प्रभारी सत्येंद्र जैन ने बताया कि अचानक दुल्हन के लापता होने की खबर से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। कैटरिंग स्टाफ और आर्केस्ट्रा दल को समारोह स्थगित होने की सूचना दे दी गई।

आर्केस्ट्रा मैनेजर बृजेश कुमार ने बताया कि रात 12 बजे उन्हें कहा गया कि ढोल-नगाड़ा बंद कर दिया जाए और सभी लोग लौट जाएं, क्योंकि शादी नहीं हो रही है।

दूल्हे ने किया शादी से इनकार, दुल्हन के पिता का आरोप

ब्यूटी पार्लर से लापता होने के बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता ने इस घटनाक्रम के बाद एक प्रार्थना पत्र पुलिस को सौंपा, जिसमें शादी से इनकार और दहेज की मांग का आरोप लगाया गया है। हालांकि, दुल्हन के पिता ने अभी तक मीडिया से दूरी बनाए रखी है।

दूल्हे के पिता को पड़ा दिल का दौरा

इस घटना से गमगीन दूल्हे के पिता को हार्ट अटैक आ गया, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चौकी इंचार्ज सोनवीर को सौंपी गई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

यह मामला न केवल परिवारों बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। दुल्हन के अचानक लापता होने की गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई है।

: NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *