
पड़ोसी की हैवानियत: उज्जैन में महिला को पांच साल तक ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों रुपये, आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन (मध्य प्रदेश): शहर के नागदा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला को उसके ही पड़ोसी ने पांच साल तक ब्लैकमेल कर मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया। पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी ने नशे की हालत में उसका अश्लील वीडियो और फोटो बनाए और फिर उन्हें आधार बनाकर उसे लगातार डरा-धमकाकर लाखों रुपये वसूले।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र बैरागी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी जितेंद्र ने करीब पांच साल पहले खाचरोद रोड पर उसे झांसा देकर नशे की हालत में अनैतिक कार्य किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना लिए। इसके बाद से ही वह लगातार महिला को धमकाकर पैसे ऐंठता रहा। जब महिला पैसे देने से इनकार करती, तो वह उसके घर के बाहर अश्लील फोटो फेंक कर उसे बदनाम करने की कोशिश करता।
पीड़िता के अनुसार, जितेंद्र ने इस दौरान लगभग दो लाख रुपये वसूल लिए। महिला और उसका परिवार इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आ चुके थे। सामाजिक प्रतिष्ठा पर आ रही आंच के चलते आखिरकार महिला ने पुलिस से संपर्क कर रिपोर्ट दर्ज करवाई।
नागदा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन कार्रवाई की और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS

