NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में 282 एकड़ में नई आवासीय योजना की तैयारी, हाईवे किनारे बदलेगी जिले की विकास तस्वीर
बस्ती 29 दिसंबर 25.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ती जिले में विकास की तस्वीर आने वाले समय में बदलती नजर आ सकती है। उत्तर प्रदेश सरकार की आवासीय योजनाओं को और मजबूत करने के क्रम में जिले में एक बड़ी नई आवासीय परियोजना की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस योजना से जहां लोगों को आवास मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं इसके आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।
प्रस्तावित आवासीय योजना के लिए लखनऊ–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास लगभग 282 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। यह जमीन महुड़र, खुटहना और हथियागढ़ ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आती है। यह क्षेत्र राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज हथियागढ़ के ठीक सामने स्थित है, जिससे इस स्थान को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर माना जा रहा है कि हाईवे से निकटता और शैक्षणिक संस्थान की मौजूदगी के कारण यह इलाका भविष्य में तेजी से विकसित हो सकता है।
सरकारी स्तर पर इस योजना को लेकर यह स्पष्ट किया गया है कि विकास कार्य जल्दबाजी में नहीं किए जाएंगे। पहले जमीन की भौगोलिक स्थिति, उपयोगिता, कानूनी स्थिति और आसपास उपलब्ध संसाधनों की विस्तार से जांच की जाएगी। इसके बाद ही परियोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या कानूनी अड़चन न आए।
राज्य आवास एवं विकास परिषद के आयुक्त बलकार सिंह की ओर से इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि बस्ती जिले में नई आवासीय योजना के लिए हाईवे के पास स्थित भूमि को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया गया है।
इस परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले 282 एकड़ भूमि की वर्तमान स्थिति के परीक्षण के लिए शासन स्तर पर एक स्थल चयन समिति का गठन किया गया है। समिति की अध्यक्षता अपर आवास आयुक्त एवं सचिव करेंगे। समिति में मुख्य अभियंता, मुख्य वास्तुविद नियोजक, उप आवास आयुक्त भूमि, अधीक्षण अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम बस्ती और महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र बस्ती को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश स्तरीय समिति के साथ जिला स्तर पर भी एक सहयोगी टीम बनाई गई है, जिसमें जिलाधिकारी, उप आवास आयुक्त भूमि, अधीक्षण अभियंता गोरखपुर वृत्त, वास्तुकला एवं नियोजन इकाई लखनऊ, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड गोरखपुर और अधिशासी अभियंता जल निगम बस्ती को शामिल किया गया है। यह टीम जमीनी स्तर पर सूचनाएं जुटाकर प्रदेश स्तरीय समिति को उपलब्ध कराएगी।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित योजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसके माध्यम से सड़क, बिजली, पेयजल, सीवरेज, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे बस्ती जिले के शहरीकरण की गति तेज होने और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की उम्मीद की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
फोटो -AI निर्मित सांकेतिक चित्र
