एसपी सहित सभी अधिकारियों ने क्षेत्र में किया भ्रमण..
Gyan Prakash Dubey


बस्ती, 18 अक्टूबर 2025
धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई।
एसपी अभिनन्दन के साथ अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने शहर के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश चंद्र चौधरी और प्रभारी निरीक्षक महिला थाना डॉ. शालिनी सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहीं। शहर में पैदल गश्त से जहां लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई, वहीं पुलिस की मौजूदगी से बाजारों में व्यवस्था भी बेहतर नजर आई।
इसी प्रकार, उपजिलाधिकारी रुधौली और क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने प्रभारी निरीक्षक रुधौली विजय दुबे तथा पुलिस बल के साथ थाना रुधौली क्षेत्र में पैदल गश्त की। अधिकारियों ने बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और नागरिकों से सीधे संवाद कर त्योहार के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया।
त्योहारों के मद्देनज़र बस्ती पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी और जवान अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त कर रहे हैं ताकि दीपावली पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
— NGV PRAKASH NEWS 📰
