बिहार चुनाव के पहले चार मोस्ट वांटेड हुए ढ़ेर : क्या है इनका नेपाल कनेक्शन..

NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली में मुठभेड़ में ढेर हुए बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर, नेपाल कनेक्शन भी आया सामने

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर 2025।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार की देर रात रोहिणी इलाके में चार मोस्ट वांटेड बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ देर रात करीब 2:20 बजे बहादुर शाह मार्ग के पास हुई, जिसमें पुलिस और अपराधियों के बीच जमकर फायरिंग हुई।

मुठभेड़ के बाद चारों बदमाशों को घायल अवस्था में डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारे गए बदमाशों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) — तीनों निवासी सीतामढ़ी, बिहार — और अमन ठाकुर (21), निवासी करवाल नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इन मोस्ट वांटेड अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई थी। बिहार पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतामढ़ी का कुख्यात गिरोह दिल्ली में छिपा हुआ है। इसी सूचना पर बिहार के डीजी ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से संपर्क किया था और कार्रवाई के लिए सहयोग मांगा था।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। बुधवार देर रात जब पुलिस ने बेगमपुर इलाके में बदमाशों को घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों को ढेर कर दिया।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह गैंग नेपाल बॉर्डर के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई और रंगदारी वसूली जैसे मामलों में शामिल था। बिहार पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के कई सदस्यों पर इनाम भी घोषित था।

यह कार्रवाई बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।

(NGV PRAKASH NEWS)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *