NGV PRAKASH NEWS


लगातार 8 गेंदों पर 8 छक्के: आकाश कुमार चौधरी का ऐतिहासिक कारनामा, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का नया रिकॉर्ड
9 नवंबर 25.
भारतीय घरेलू क्रिकेट में रणजी ट्रॉफी एक बार फिर सुर्खियों में है। मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेले जा रहे मुकाबले में मेघालय के बल्लेबाज आकाश कुमार चौधरी ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने घरेलू टूर्नामेंट ही नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करवा दिया। उन्होंने लगातार आठ गेंदों पर आठ छक्के जड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और फर्स्ट क्लास क्रिकेट की सबसे तेज अर्धशतक ठोकने का कमाल कर दिखाया।
यह असाधारण प्रदर्शन तब देखने को मिला जब आकाश 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। अरुणाचल के स्पिनर लिमर डाबी के एक ही ओवर में उन्होंने लगातार छह छक्के उड़ाए और फिर अगले ओवर में टीएनआर की गेंदों पर दो और गगनचुंबी शॉट लगाकर अपनी तूफानी बल्लेबाजी का परिचय दिया। लगातार आठ गेंदों में आठ छक्के जड़ने वाले वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट के पहले बल्लेबाज बन गए। उनकी इस बल्लेबाजी ने अरुणाचल के गेंदबाजों को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया।
आकाश ने सिर्फ 11 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया कि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का कीर्तिमान अब उन्हीं के नाम है। इससे पहले लीसेस्टरशायर के वेन नाइट ने 12 गेंदों में और 1965 में क्लाइव इनमैन ने 13 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी। आकाश अब इन दोनों दिग्गजों से भी आगे निकल चुके हैं। साथ ही वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले रवि शास्त्री और गैरी सोबर्स ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
मेघालय की पारी में आकाश कुमार चौधरी के अलावा अर्पित भटेवरा ने दोहरा शतक जड़ा, जबकि राहुल दलाल और किशन लिंगदोह ने भी शतक बनाकर टीम की नींव मजबूत कर दी। इसी दमदार बल्लेबाजी के सहारे मेघालय ने 628 रनों पर पारी घोषित कर दी। इसके जवाब में अरुणाचल प्रदेश की टीम मैदान पर टिक ही नहीं पाई और महज 73 रन पर ढेर हो गई। पहली पारी के आधार पर मेघालय को 555 रनों की विशाल बढ़त मिल गई।
भारतीय घरेलू क्रिकेट में बने इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड ने आकाश कुमार चौधरी को अचानक सुर्खियों का केंद्र बना दिया है। उनकी पारी न केवल दर्शकों के लिए रोमांचकारी रही, बल्कि यह आने वाले समय में युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा भी बन सकती है।
NGV PRAKASH NEWS




