⏩ वायरल वीडियो के आधार पर कांग्रेस का प्रदर्शन


कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के बयान से बलिया में बड़ा बवाल, सड़क पर उतरे विरोधी
वीडियो वायरल होने के बाद पुतला घसीटा, जीभ काटने पर इनाम की घोषणा
बलिया, 02 दिसंबर 2025।
प्राप्त समाचार के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के एक विवादित बयान ने बलिया में तीखा माहौल खड़ा कर दिया है। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित हालिया कार्यकर्ता सम्मेलन में मंत्री ने कहा था कि “बलिया के लोग अंग्रेजों के दलाल थे और आज भी दलाली करते हैं।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे जिले में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया।
वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध जताते हुए कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला बनाकर सड़कों पर घसीटा। कुछ लोगों ने तो पुतले को बाइक से बांधकर पूरे बाजार में घुमाया। कई प्रदर्शनकारियों ने मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की है, वहीं कुछ आक्रोशित युवाओं ने उनकी ‘जीभ काटने’ पर इनाम की घोषणा तक कर दी, जिससे तनाव और बढ़ गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सागर सिंह राहुल और कई युवा नेताओं ने भी विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने शहर में पुतला घसीटते हुए नारेबाजी की और विवादित बयान को बलिया का अपमान बताते हुए मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
स्थानीय पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है, जबकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर मामले की आगे जांच भी की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS


