NGV PRAKASH NEWS


तमकुहीराज में परीक्षा देने जा रहे दंपती पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर, पत्नी की इलाज के दौरान मौत
देवरिया 28 दिसंबर 25.
तमकुहीराज के तारया सुजान थाना क्षेत्र के ग्राम मैरवा में शुक्रवार को एक दंपती परीक्षा देने जा रहा था, तभी उन्हें तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से पत्नी का इलाज के दौरान जिला अस्पताल में निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वेश मिश्रा पुत्र गुड्डू पांडे और उनकी 20 वर्षीय पत्नी पलक, जो बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं, आज किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे चखनी चौराहा के पास पहुंचे, तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दंपती सड़क पर गिर गया और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती पलक का इलाज चल रहा था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से मृतका के घर में शोक की लहर फैल गई है।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने घायल सर्वेश को प्राथमिक चिकित्सकीय सहायता प्रदान की और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह दंपती छह माह पहले ही विवाह बंधन में बंधा था और उस वक्त परिवार व रिश्तेदार इसके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि चखनी चौराहा पर दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है, जिससे इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर जरुरी कदम उठाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS
