प्रोफेसर गलत तरीके से छूता था,करता था तरह तरह से इशारे -और छात्रा की हो गयी….

NGV PRAKASH NEWS


धर्मशाला कॉलेज में रैगिंग और यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच 19 वर्षीय छात्रा की मौत, यूजीसी ने दिए जांच के आदेश

कांगड़ा, 03 जनवरी 2026।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित एक सरकारी कॉलेज में पढ़ने वाली 19 वर्षीय छात्रा की 26 दिसंबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कॉलेज की तीन सीनियर छात्राओं ने उसे लगातार रैगिंग का शिकार बनाया और एक प्रोफेसर ने उसका यौन उत्पीड़न किया, जिससे वह मानसिक रूप से बुरी तरह टूट गई थी।

छात्रा की मौत के बाद उसका एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने साथ कॉलेज में हुई घटनाओं के बारे में बात करती दिखाई दे रही है। वीडियो में छात्रा यह कहती सुनाई देती है कि एक प्रोफेसर उसके पीछे पड़ जाते थे और अजीब हरकतें करते थे। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसे गलत तरीके से छुआ जाता था और वह इन बातों को लेकर बेहद परेशान थी। वीडियो में वह यह भी कहती नजर आती है कि वह सब कुछ उठकर बताना चाहती है, लेकिन उसकी तबीयत इसकी इजाजत नहीं दे रही थी। कुछ दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक अन्य वीडियो में छात्रा के माता-पिता उससे पूछते दिखते हैं कि कॉलेज में उसके साथ क्या-क्या होता था। इस पर छात्रा बताती है कि कुछ लड़कियां उसे मारती थीं, पढ़ने नहीं देती थीं और सिर पर भी वार किया गया था। वह यह भी कहती है कि जब वह परीक्षा में फेल हो जाती थी तो उसे और ज्यादा प्रताड़ित किया जाता था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन(UGC) ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यूजीसी ने एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है जो पूरे मामले की जांच करेगी। यूजीसी एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन ने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए शिकायत दर्ज की है।

यूजीसी के अनुसार, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि इलाज के दौरान मौत का है, जबकि परिजनों का आरोप है कि छात्रा की मौत रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न के कारण हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने तीन छात्राओं के खिलाफ रैगिंग और जानबूझकर चोट पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है और एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।

यूजीसी ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *