छिनैती मामले में दो आरोपी गिरफ्तार-एक अभी भी है फरार……..

Gyan Prakash Dubey

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास हुई छिनैती का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

बस्ती, 12 जनवरी 2026 —
थाना कलवारी क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनरहा के पास हुई छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कलवारी, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के पास से छीना गया बैग, मोबाइल फोन, नकद रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की शाम करीब साढ़े सात बजे एक व्यक्ति मोबाइल रिपेयरिंग का सामान लेकर बस्ती से अपने घर लौट रहा था। जब वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनरहा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसका बैग और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। बैग में बैंक पासबुक, एटीएम और क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। इस संबंध में थाना कलवारी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल दो आरोपी तुरकौलिया मोड़ के पास मौजूद हैं। इसके बाद 11 जनवरी को घेराबंदी कर अभिषेक पाठक निवासी रौहलिया थाना नगर और सुरेंद्र पाण्डेय निवासी संडवलिया थाना दुबौलिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से एक पिट्ठू बैग, एक वीवो मोबाइल फोन, 400 रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक साथी कमलेश चौधरी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रास्ते में बैग से कागजात निकालकर फेंक दिए थे और मोबाइल तथा बैग अपने पास रख लिया था। तीसरा आरोपी कमलेश चौधरी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में धाराओं में बढ़ोत्तरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *