जिस दिन मुसलमान प्रधानमंत्री बना राम मंदिर टूटेगा,के पोस्टर पर बवाल…….

NGV PRAKASH NEWS


फिरोजाबाद में राम मंदिर से जुड़ी पोस्ट पर बवाल, पथराव में तीन घायल

फिरोजाबाद, 12 जनवरी 2026 —
अयोध्या स्थित राम मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट के बाद फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र अंतर्गत गांव डौरी में रविवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। कथित तौर पर गांव निवासी राशिद द्वारा राम मंदिर को लेकर की गई पोस्ट की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई।

रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब संगठन के पदाधिकारी गांव में पहुंचे और पोस्ट को लेकर बातचीत चल रही थी, उसी समय आरोप है कि समुदाय विशेष के लोगों ने चारों ओर से घेरकर अचानक पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ मच गई और हिंदूवादी संगठन से जुड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता जान बचाकर खेतों की ओर भागे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी अपनी सुरक्षा के लिए बचाव करना पड़ा।

इस दौरान गांव में खड़ी हिंदूवादी नेताओं की कई मोटरसाइकिलों को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख थाना नारखी पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद थाना रजावली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। सूचना मिलते ही सीओ टूंडला अमरीश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पथराव के बाद किसी तरह सुरक्षित निकलकर हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोग थाना नारखी पहुंचे, जहां उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बातचीत के जरिए लोगों को शांत कराया। इस घटना में हंसरामगढ़ी निवासी केके तिवारी सहित कुल तीन लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता व पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *