मेरठ के बहुचर्चित सोम-रूबी कांड में ऐसे दोनों को पकड़ा पुलिस ने…….

NGV PRAKASH NEWS


कपसाड़ कांड: गलत ट्रेन में बैठा आरोपी, मोबाइल कॉल से ट्रैक होकर रुड़की स्टेशन से गिरफ्तारी

मेरठ, 13 जनवरी 2026 —

पुलिस सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार…….
कपसाड़ गांव में अनुसूचित जाति की महिला सुनीता की हत्या और उनकी बेटी रूबी के अपहरण के बाद फरार हुआ आरोपी पारस सोम आखिरकार पुलिस के इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जाल में फंस गया। गलत ट्रेन में बैठने की गलती और रास्ते में किए गए एक फोन कॉल ने पुलिस को उसकी लोकेशन तक पहुंचा दिया, जिसके बाद उसे रुड़की रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया और रूबी को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आठ जनवरी को वारदात के बाद पारस सोम और रूबी पैदल ही जंगल के रास्ते कपसाड़ गांव से निकले थे। सड़क पर पहुंचने के बाद एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर दोनों खतौली पहुंचे। वहां पारस ने अपने एक रिश्तेदार से कुछ रुपये लिए और नागल क्षेत्र में अपनी बहन के यहां जाने की तैयारी की, लेकिन रिश्तेदारों के यहां पुलिस की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद दोनों दिल्ली चले गए।

शनिवार को दोनों शाहदरा से हरिद्वार पैसेंजर ट्रेन में बैठकर खतौली लौटने निकले, लेकिन ट्रेन मेरठ-खतौली मार्ग के बजाय बड़ौत–शामली होते हुए टपरी जंक्शन की ओर चली गई। रास्ते में जब पारस को गलत ट्रेन में बैठने का एहसास हुआ तो उसने ट्रेन में मौजूद एक यात्री के मोबाइल से अपने दोस्त को फोन किया और गांव का हाल पूछा।

यह कॉल पहले से सक्रिय पुलिस सर्विलांस टीम ने ट्रैक कर ली। लोकेशन टपरी जंक्शन के आसपास मिली, जिसके बाद मेरठ और सहारनपुर पुलिस को सतर्क किया गया। पुलिस ने चूडियाला में घेराबंदी की, लेकिन ट्रेन निकल गई। अंततः रुड़की रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने ट्रेन को रोककर पारस सोम को गिरफ्तार कर लिया और रूबी को बरामद कर लिया।

जांच में सामने आया कि पारस और रूबी अपने मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे और पारस को केवल तीन दोस्तों के मोबाइल नंबर याद थे। पुलिस ने उसके रिश्तेदारों, परिचितों और मित्रों के फोन पहले ही सर्विलांस पर ले रखे थे। यही वजह रही कि एक ही कॉल ने पुलिस को सीधा आरोपी तक पहुंचा दिया।

घटना के बाद कपसाड़ गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल के प्रवेश को रोकने के लिए गांव और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। सिवाया टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और आने-जाने वालों से पूछताछ की जाती रही, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक बिरादरी के खिलाफ भड़काऊ बयान और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए साइबर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने ऐसे सभी वीडियो और पोस्ट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और सभी थानों की साइबर टीमों को सोशल मीडिया पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी पारस सोम को स्पेशल सीजेएम की अदालत में पेश किया। वहीं रूबी का महिला जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया और बाद में सरधना व महिला थाना पुलिस ने उसे सीजेएम-द्वितीय की अदालत में पेश कर बयान दर्ज कराए।

कपसाड़ गांव की यह घटना हत्या और अपहरण के साथ-साथ सामाजिक तनाव का कारण भी बन गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव और आसपास के इलाकों में निगरानी बरकरार रखी जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *