NGV PRAKASH NEWS

रांची में मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 12 बच्चे मुक्त, 16 आरोपी गिरफ्तार
रांची, 19 जनवरी 2026 —
झारखंड पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया है और इस गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। रांची पुलिस के अनुसार यह गिरोह बिहार के औरंगाबाद, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित कई राज्यों से संचालित किया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस कार्रवाई की शुरुआत धुर्वा थाना क्षेत्र से अगवा किए गए दो बच्चों अंश और अंशिका की तलाश के दौरान हुई। दोनों की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर गिरोह के 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस दौरान गिरोह के चंगुल से कुल 12 बच्चों को मुक्त कराया गया, जिन्हें फिलहाल धुर्वा थाने में सुरक्षित रखा गया है। बरामद किए गए बच्चे धनबाद, बोकारो, चाईबासा और रांची के विभिन्न इलाकों से पाए गए हैं।
मामले में रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि बरामद बच्चों के परिजनों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरोह द्वारा अगवा किए गए बच्चों से चोरी, भीख मंगवाने जैसे अवैध कार्य कराए जाते थे। इसके अलावा लड़कियों को बड़े होने पर देह व्यापार में धकेलने की भी साजिश की जाती थी।
उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह के तार मानव अंगों की तस्करी करने वाले किसी सिंडिकेट से तो जुड़े नहीं हैं। जांच में सामने आया है कि यह संगठित गिरोह ‘गुलगुलिया गैंग’ के नाम से जाना जाता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निशाना बनाता था और उन्हें बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा उत्तर प्रदेश में बेच देता था।
पुलिस के अनुसार झारखंड से अगवा किए गए कई बच्चों को बिहार के औरंगाबाद निवासी अशोक सिंह और बाबू साहेब के अलावा पश्चिम बंगाल के सूरज रवानी द्वारा खरीदा जा चुका है। अंश और अंशिका को भी बेचने की पूरी तैयारी कर ली गई थी और सौदे के लिए एडवांस रकम भी ले ली गई थी। गिरफ्तार दंपति पहले भी कुछ लाख रुपयों के लिए बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुका है।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच जारी है ताकि मानव तस्करी के इस पूरे तंत्र को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
NGV PRAKASH NEWS
